Sunday, October 4, 2026
Home Hoshiarpur हनुमान मंदिर के नजदीक रेहड़ियों व स्ट्रीट फूड मार्केट की जांच, भरे...

हनुमान मंदिर के नजदीक रेहड़ियों व स्ट्रीट फूड मार्केट की जांच, भरे सैंपल

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग होशियारपुर द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़, आई.ए.एस., डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, आई.ए.एस. तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में हनुमान मंदिर के नजदीक लगने वाली रेहड़ियों एवं स्ट्रीट फूड मार्केट की रात के समय विशेष जांच की गई।

Advertisements

इस दौरान फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार एवं उनकी टीम द्वारा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं द्वारा तैयार एवं बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थ तैयार करने के तरीके, इस्तेमाल किए जा रहे पानी, भोजन को रखने की व्यवस्था तथा कुकिंग ऑयल की स्थिति की जांच की गई। जांच के दौरान गोलगप्पे, वड़ा पाव और इस्तेमाल किए जा रहे कुकिंग ऑयल के कुल तीन सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।

फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि हनुमान मंदिर के नजदीक स्ट्रीट फूड की रेहड़ियां एवं मार्केट मुख्य रूप से शाम के बाद शुरू होती हैं। इसलिए खाद्य सुरक्षा की वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा विक्रेताओं द्वारा लोगों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष जांच रात के समय की गई।

जांच के दौरान फूड इंस्पेक्टर विवेक कुमार द्वारा खाद्य विक्रेताओं को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट एवं इसके तहत बनाए गए नियमों और निर्धारित मानकों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए। उन्हें खाद्य पदार्थों को धूल, मिट्टी, मक्खियों एवं अन्य गंदगी से बचाकर ढककर रखने, स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करने तथा भोजन तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया।

इसके अलावा विक्रेताओं को साफ बर्तनों एवं स्वच्छ सतहों का इस्तेमाल करने, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाना बनाने एवं परोसते समय हाथों की स्वच्छता बनाए रखने तथा केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने संबंधी जागरूक किया गया। इस्तेमाल किए जा रहे कुकिंग ऑयल के संबंध में भी विक्रेताओं को विशेष हिदायत दी गई कि तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल करने से बचें तथा भोजन तैयार करने के लिए मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण तेल का इस्तेमाल करें। बार-बार गर्म किए गए तेल का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए सुरक्षित भोजन बेहद जरूरी है। स्ट्रीट फूड की बिक्री करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह लोगों को स्वच्छ, ताजा, सुरक्षित एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच के दौरान कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो फूड सेफ्टी कानून के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्ट्रीट फूड मार्केट, रेहड़ियों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की ऐसी जांच आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी, ताकि जिले के लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाए जा सकें और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here