Wednesday, October 7, 2026
Home National मवेशियों को बचाने की कोशिश में बेकाबू पिकअप की डंपर से टक्कर,...

मवेशियों को बचाने की कोशिश में बेकाबू पिकअप की डंपर से टक्कर, 8 मजदूरों की मौ-त, 32 घायल

मध्यप्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात मवेशियों को बचाने की कोशिश में एक पिकअप वाहन बेकाबू होकर सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। हादसा भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिमका गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ। गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार राजमार्ग पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में पिकअप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। वाहन गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई मजदूर उसमें फंस गए।

Advertisements

यादव के अनुसार, आठ मजदूरों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 32 मजदूरों को गोहद के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।  पुलिस के अनुसार, सभी मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here