
बिंजों (द स्टैलर न्यूज़)। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा श्री प्राणेश्वर महादेव मंदिर की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन नजदीक गवर्नमेंट हाई स्कूल गांव बिन्जों में किया गया। कथा के तीसरे दिन में श्री आशुतोष महाराज जी शिष्या साध्वी सुश्री मनस्विनी भारती जी ने प्रभु श्री राम की महिमा का अत्यंत भावपूर्ण एवं आध्यात्मिक व्याख्यान किया। उन्होंने प्रभु श्री राम की दिव्य लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि प्रभु की प्रत्येक लीला अपने भीतर एक गूढ़ आध्यात्मिक संदेश समेटे हुए है। प्रभु की दिव्य लीलाएं केवल कथा मात्र नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण शिक्षाएं प्रदान करने वाली हैं।

साध्वी जी ने बताया कि प्रभु श्री राम के जीवन का प्रत्येक प्रसंग हमें सत्य, मर्यादा, प्रेम, त्याग, करुणा एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इन दिव्य लीलाओं के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध कर सकता है। कथा में प्रभु की मनमोहक लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और आनंदपूर्वक कथा का श्रवण करते रहे।
कथा के दौरान मंच से प्रस्तुत दिव्य भजनों की श्रृंखला ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मधुर भजनों को सुनकर श्रद्धालु प्रभु भक्ति में सराबोर हो गए और उन्होंने भक्ति एवं आनंद की अनुभूति की। पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कथा के समापन श्री आरती के साथ हुआ। आरती में विशेष रूप में मंदिर कमेटी के सदस्य ओर भारी संख्या में श्रद्धालगण उपस्थित हुए।और उन्होंने श्रद्धापूर्वक आरती में भाग लिया। प्रभु भक्ति एवं संगत की सेवा के लिए लंगर-प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। कथा में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक लंगर-प्रसाद ग्रहण किया।












