Wednesday, October 14, 2026
Home Crime घाटी में 36 घंटे में 13 आतंकी ओवरग्राउंड वर्कर्स गिरफ्तार, हथियार व...

घाटी में 36 घंटे में 13 आतंकी ओवरग्राउंड वर्कर्स गिरफ्तार, हथियार व गोला-बारूद बरामद, पूछताछ जारी

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चौतरफा प्रहार जारी है। सुरक्षाबलों ने कुलगाम जिले में बड़ी साजिश को नाकाम किया। आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान पांच संदिग्ध आतंकी मददगारों (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। पिछले 36 घंटों में घाटी में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी सहयोगियों की संख्या अब 13 हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को कुलगाम के बुगाम बाग इलाके में संदिग्ध तत्वों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर कुलगाम पुलिस, सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 18वीं बटालियन ने संयुक्त तलाशी अभियान (कासो) चलाया। इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी के दौरान पांचों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में फुरखान अहमद वानी (22), सोहैब अहमद पाला (20) और सलमान अब्बास लोन (20) सभी निवासी बुगाम, निदाश अहमद रेशी (22) निवासी नानीबुघ और फैजल अकबर (30) निवासी रेडवानी पायीन शामिल हैं।

Advertisements

सुरक्षा बलों के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी 9 एमएम पिस्टल, चार मैगजीन, 22 कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि गिरफ्तार संदिग्ध किस आतंकी संगठन से जुड़े थे और बरामद हथियारों की आपूर्ति उन्हें किसने की थी। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी वारदात की साजिश में किया जाना था या नहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here