
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज संजीव तलवाड़ और पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार सोहन सिंह ठंडल के नेतृत्व में कर्मचारियों के हक में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए संजीव तलवाड़ ने कहा कि किसी भी प्रदेश की उन्नति में ब्यूरोक्रेट्स और कर्मचारियों का बहुत बड़ा योगदान होता है। यदि आज कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है, तो इससे मौजूदा सरकार की नाकामी का साफ अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा कर्मचारियों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए उनका साथ दिया है और आज भी कर्मचारी स्वर्गीय सरदार प्रकाश सिंह बादल की सरकार के सुनहरी कार्यकाल को याद करते हैं। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार सोहन सिंह ठंडल ने घोषणा की कि शिरोमणि अकाली दल के आगामी चुनावी घोषणा-पत्र में कर्मचारियों के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा।
अकाली दल की सरकार बनते ही पिछली सरकारों के समय अधूरी रह गई कर्मचारियों की मांगों को तुरंत पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी आज भी कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। इस बैठक में शिरोमणि अकाली दल पिछड़ा वर्ग के पंजाब महासचिव बिक्रमजीत सिंह कलसी, व्यापारी वर्ग के जिला अध्यक्ष संतोक सिंह औजला, एस.सी. विंग के जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह और पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में संजीव थापर (हलका इंचार्ज, एस.सी. सेल), संजीव कुमार रिटायर्ड डीएफओ (हलका इंचार्ज, बी.सी. सेल), बलवीर सिंह (जिला अध्यक्ष, किसान सेल), परवीन सैनी (जिला सचिव), सुखदेव सिंह सुखा (जिला महासचिव), जसविंदर सिंह (हलका इंचार्ज, व्यापार मंडल), रविंदर सिंह निक्का, सर्कल प्रधान जगतार सिंह, योगा सिंह (कार्यकारिणी सदस्य, बी.सी. सेल) और अन्य वरिष्ठ अकाली नेता भी उपस्थित थे।












