
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। थाना आदमपुर पुलिस ने सुखविंदर कौर पत्नी तरसेम सिंह निवासी डल्ला पट्टी जंडू सिंघां थाना आदमपुर जिला जालंधर की शिकायत व बयानों पर कार्यवाही करते हुए सीआईए स्टाफ होशियारपुर में तैनात इंस्पैक्टर नवजोत सिंह निवासी जंडू सिंघा, आदमपुर, तनवीर कौर पत्नी जसकरन सिंह निवासी मोगा पट्टी जंडू सिंघा, जसकरन सिंह निवासी मोगा पट्टी जंडू सिंघा तथा काजल प्रीत निवासी बल्ल कलां कंबोज, अमृतसर रुरल के खिलाफ 24 अगस्त 2026 को मामला दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी थी।

पुलिस को दी शिकायत में शिकायकर्ता ने बताया था कि उसकी एक बेटी है, जिसका विवाह हो चुका है तथा उससे छोटा बेटा जिसकी उम्र 36 साल है व वह कुंवारा है और कारपेंटर का काम करता है। इससे छोटा बेटा हरविंदर सिंह 34 साल का है व वह शादीशुदा है। उसने बताया था कि उसके बेटे दविंदर सिंह तथा तनवीर कौर पत्नी जसकरन सिंह के साथ प्रेम संबंध थे। कुछ समय पहले तनवीर के पति जसकरन को उनके प्रेम संबंधों के बारे में पता चला था। इसी रंजिश के चलते जसकरन सिंह, इंस्पैक्टर नवजोत सिंह (जोकि सीआईए स्टाफ होशियारपुर में तैनात है), तनवीर की बहन काजलप्रीत कौर उसे डराने धमकाने लगे थे। 18 अगस्त को इंस्पैक्टर नवजोत सिंह उनके घर आया और उनके बेटे दविंदर को उसने थप्पड़ मारे तथा जेल भेजने की धमकियां देकर गया था। इससे दुखी होकर उनके बेटे ने सुसाइड नोट लिखा और वीडियो बनाई एवं सल्फास खाने की कोशिश की। लेकिन उन्हें इस बात का पता चलव गया और परिवार ने उसे समझा लिया। लेकिन इसके बाद उक्त लोग उसे डराते धमकाते रहे। तनवीर भी उन्हें साथ मिल गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार 24 अगस्त को सुबह करीब 5 बजे उनके लड़के दविंदर सिंह ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत के जिम्मेदार उक्त लोग हैं तथा उनके खिलाफ बनती कानूनी कार्यवाही की जाए। पुलिस ने बयानों के आधार पर मामला दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी थी।












