
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन मलकीत थिंद ने मंगलवार को जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स में विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में पिछड़े वर्ग (बीसी) से संबंधित लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए केंद्र व पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

चेयरमैन मलकीत थिंद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीसी वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों एवं पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान चेयरमैन ने विभिन्न विभागों की ओर से अब तक पिछड़े वर्ग के लिए लागू योजनाओं के तहत दिए गए लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पिछड़े वर्ग के लोगों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी सीधा संवाद किया गया। चेयरमैन ने उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मलकीत थिंद ने अधिकारियों से कहा कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, ताकि पिछड़े वर्ग समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल बनाने और लोगों को अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने देने पर भी जोर दिया।
इस दौरान सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर ने आयोग के चेयरमैन को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में एसपी नवनीत कौर, जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी हरपाल सिंह गिल, जिला चेयरमैन रामगढिया वेलफेयर बोर्ड हरप्रीत सिंह, चेयरमैन सैनी वेलफेयर कमेटी चब्बेवाल गुरमीत सिंह सैनी, चेयरमैन सैनी वेलफेयर कमेटी होशियारपुर नरिंदर सिंह, ब्लॉक समिति मेंबर टांडा कमलजीत सिंह, परमजीत सिंह दसूहा, हरजीत कुमार, हरमन सिंह, प्रदीप कुमार, लवली, मनी नारू नंगल, गुरनाम सिंह सहित सिविल एवं पुलिस प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा पिछड़े वर्ग समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद थे।












