Saturday, September 12, 2026
Home National बांग्लादेश को हराकर महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में पहुंची भारतीय...

बांग्लादेश को हराकर महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। टीम इंडिया ने गुरुवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को हराया। शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला, जिन्होंने 40 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली थी। जानिए अब फाइनल कब-कहां है, खिताबी भिड़ंत में सामने कौन सी टीम होगी? महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। स्मृति मंधाना को 2 रन पर आउट कर बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद शेफाली वर्मा का बल्ला खूब गरजा। उन्होंने 40 गेंदों में 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाए। प्रतीक रावल ने 20, हरमनप्रीत कौर ने 24 और ऋचा घोष ने 21 रन बनाए। भारत ने 149 रन बनाए थे।

Advertisements

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिलारा एक्टर (21) और फिरदौस (14) ने बांग्लादेश को सधी हुई शुरुआत दिलाई थी, लेकिन इसका फायदा टीम नहीं उठा सकी। बांग्लादेश के लिए शोरना एक्टर ने सर्वाधिक रनों की पारी खेली, जिन्होंने 22 रन बनाए थे. बांग्लादेश 20 ओवरों में 109 ही रन बना पाई और भारत ने इस मैच को 40 रनों से जीत लिया। दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, 2 विकेट नंदनी शर्मा और 1-1 विकेट प्रेमा रावत और चरणी ने लिया। पिछले संस्करण (2024) में श्रीलंका ने भारत को हराकर महिला एशिया कप का खिताब जीता था, ये दूसरी बार था जब भारत को फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी। इससे पहले 2018 में बांग्लादेश ने भारत को फाइनल में हराया था। भारतीय महिला टीम 7 बार एशिया कप चैंपियन रह चुकी है।

महिला एशिया कप 2026 का फाइनल रविवार, 13 सितंबर को है। ये दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में है, जो भारतीय समयनुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। टॉस 7:30 बजे होगा। इसका फैसला आज (11 सितंबर) होगा। आज दूसरा सेमीफाइनल श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच है। अगर आज पाकिस्तान जीतती है तो 10 साल बाद होगा जब महिला एशिया कप का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। आखिरी बार 2016 में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत हुई थी। बता दें कि जारी संस्करण के ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया था। भारत ने पाकिस्तान को 55 रनों पर ऑल आउट कर दिया था और 9वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here