
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। प्रदेश के हर जिले एवं कस्बे में हो रही अपराधिक घटनाओं एवं गोलीबारी ने सिद्ध कर दिया है कि पंजाब में कानून का नहीं बल्कि जंगलराज बन चुका है। इसकी जाता उदाहरण मानसा की है, जहां नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की आवाज को सदा के लिए खामौश कर दिया गया। इससे सिद्ध होता है कि पंजाब की आप सरकार कानून व्यवस्था बहाल रखने में पूरी तरह से असफल हो चुकी है। यह बात शहरी कांग्रेस महासचिव विकास कौशल ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही।

उन्होंने कहा कि मानसा की घटना कोई पहली घटना नहीं है, क्योंकि जिस सरकार में सरकार से सवाल पूछने पर मौत मिलती हो, उसके राज में और क्या उम्मीद रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनता को फ्री और झूठे लारों का लालीपॉप देकर सत्ता का सुख भोग रही आम आदमी पार्टी का काला चिट्ठा अब जगजाहिर हो चुका है तथा आने वाले समय में लोग इसे इनकी असली जगह दिखा देंगे। विकास कौशल ने भारत के राष्ट्रपति से अपील की कि वह प्रदेश की भलाई एवं कानून व्यवस्था की बहाली के लिए राष्ट्रपति शासन लगाएं ताकि पंजाबी राहत की सांस लें और डर का माहौल खत्म हो सके।












