
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, मुस्तैद CISF जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। युवक हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। मामले में CISF की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। कुणाल एथलीट है और पश्चिम बंगाल में ट्रेनिंग करता है। शुरुआती पूछताछ के अनुसार, कुणाल को सनक लगी कि उसे हर हाल में विदेश जाना है।

CISF के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर हुई। युवक के पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। इसके बावजूद उसने सुरक्षा जांच को पार कर जबरन टर्मिनल में प्रवेश करने का प्रयास किया। CISF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस घटना का वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी युवक को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह धक्का देकर अंदर की ओर भागने लगता है। इसके बाद एक सशस्त्र CISF जवान भी मौके पर पहुंचता है और अन्य जवानों की मदद से उसे कुछ मीटर अंदर ही पकड़ लिया जाता है।
CISF ने बताया कि क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की समय पर मदद मिलने से युवक को कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया। इससे एयरपोर्ट की सुरक्षा में संभावित सेंधमारी को रोक लिया गया। युवक के बैग से कुछ पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए युवक से दिल्ली पुलिस पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि IGI एयरपोर्ट को अति संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठान की श्रेणी में रखा गया है। यहां रोजाना हजारों की संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्री आते-जाते हैं। टर्मिनल में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध यात्रा टिकट और पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है, जबकि एयरपोर्ट कर्मचारियों को भी अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करना पड़ता है। एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF के पास है, जो यहां सशस्त्र आतंकवाद विरोधी सुरक्षा व्यवस्था संभालती है।












