
बांग्लादेश (द स्टैलर न्यूज़)। बांग्लादेश में अवामी लीग के देशव्यापी बंद के ऐलान के बीच हिंसा भड़क उठी है। राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले कई जगह देसी बम धमाके हुए। प्रदर्शनकारियों ने पिछली अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के चटगांव के पुश्तैनी घर में आग लगा दी। देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आग लगाई गई। ढाका में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमले हुए। इन हमलों के पीछे प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं का हाथ होने की आशंका है। अवामी लीग ने देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके बाद पुलिस ने राजधानी ढाका में 24 घंटे में 565 लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके ढाका स्थित घर से हिरासत में लिया गया। अवामी लीग ने यह लॉकडाउन या बंद पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल के उस फैसले की बरसी पर बुलाया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत बताया।












