
गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां में पुराने बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार है। इस हादसे में शहर के मशहूर कारोबारी और इकबाल टीवी सेंटर के मालिक इकबाल सिंह की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक इकबाल सिंह अपनी स्विफ्ट कार में रविदास चौक से पुराने स्टैंड जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार मजीठा रोड की तरफ से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे इकबाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सीडेंट के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।












