
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने आज 3 जुलाई को जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-3 में तैनात ए.एस.आई. मनफूल सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त ए.एस.आई. को शिकायतकर्ता सपना निवासी माडल हाउस, जालंधर की शिकायत पर पकड़ा गया है।

सपना ने विजीलैंस ब्यूरो को बताया था कि उक्त ए.एस.आई. द्वारा उसकी बेटी को दर्ज हुए मामले में जमानत दिलाने तथा चालान पेश करने के बदले में 10 हजार रुपये की मांग की गई है। विजीलैंस की टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में ए.एस.आई. को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी कानून की अलग-अलग धाराओं के तहत विजीलैंस ब्यूरो थाना जालंधर में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी गई है।












