
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: पुष्पिंदर। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सामाजिक स्वयं सेवी संगठन संपर्क कमेटी का सदस्य बनाए जाने पर श्री सांपला ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भेंट कर इस जिम्मेदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस संबंधी जानकारी देते हुए श्री सांपला के राजनीतिक सचिव भारत भूषण वर्मा ने बताया कि श्री सांपला ने कहा है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की दूरगामी सोच एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा देशहित में चलाई गई योजनाओं के दम पर ही भाजपा पुन: केन्द्र में सरकार बनाने में सक्षम हो चुकी है तथा आगामी चुनाव में मोदी जी पुन: प्रधानमंत्री के पद पर आसीन होंगे।
उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास नारे पर चलते हुए प्रधानमंत्री ने सभी वर्गों के विकास एवं उत्थान को प्राथमिकता दी है। सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरुरतमंद तक पहुंचे इसे भी सुनिश्चित किया गया है।












