
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हमारा भारत देश सभी देशों से अलग एवं वशिष्ट इसलिए है क्योंकि हमारा संविधान इसे गणतंत्र का दर्जा प्रदान करता है तथा हमारा संविधान दुनिया का सबसे श्रेष्ठ संविधान है। जोकि हमें पूर्ण रुप से भारतीय होने का एहसास करवाता है। यह विचार पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री संतोष चौधरी ने दसूहा में 26 जनवरी के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने जा रही छात्राओं के साथ इस दिन की महत्ता के बारे में बातचीत करते हुए व्यक्त किए।

इस दौरान उन्होंने बच्चों से 26 जनवरी की महत्ता और इस दिन की महानता के बारे में बातचीत की। बच्चों ने बहुत ही सुन्दर ढंग से जवाब दिए और गणतंत्र की मजबूती के लिए सुझाव दिए। इस मौके पर संतोष चौधरी ने कहा कि देश की आजादी के बाद 1950 में जब हमारे देश में संविधान लागू हुआ उसी दिन हमारे गणतंत्र को और मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि इस आजादी और संविधान की रक्षा हम सभी का फर्ज है तथा उन्हें यह देख कर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है कि हमारा भविष्य जोकि आज के बच्चे हैं अपने देश के प्रति पूरी तरह से देशभक्ति से भरे हुए हैं। उन्होंने छात्राओं के साथ मौजूद अध्यापिका कश्मीर कौर बच्चों को देशभक्ति के साथ जोडऩे एवं गणतंत्रता दिवस संबंधी इतनी जानकारी देने के लिए सराहना की।












