
नई दिल्ली (द स्टैलरन न्यूज़)। कांग्रेस ने पंजाब में चुनाव के मद्देनजर अपने चुनाव घोषणा पत्र में पत्रकारिता से जुड़े कर्मियों की सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भी सरकार आने पर लागू की जाने वाली योजनाओं की घोषणा की है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार कांग्रेस द्वारा प्रिंट तथा इलैक्ट्रानिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों के लिए सर्वपक्षीय योजना लाई जाने वाली है। कांग्रेस द्वारा मौजूदा अकाली-भाजपा सरकार के समय में प्रिंट मीडिया और इलैक्ट्रानिक मीडिया से संबंधित कुछेक समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनकों को उत्साहित व मजबूत करने की बात कही है। कांग्रेस का कहना है कि वह इन योजनाओं के माध्यम से निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देगी। चुनाव घोषणा पत्र में की गई घोषणा अनुसार प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर एक प्रैस एक्रीडीटेशन कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें रजिस्टर्ड पत्रकार यूनियनें/एसोसिएशनों के 10 साल का अनुभव रखने वाले सदस्य शामिल किए जाएंगे। मीडिया कर्मियों की मान्यता प्राप्त यूनियनों को ग्रुप हाउसिंग के लिए जमीन अलाट करना, मीडिया कर्मियों के लिए पैंशन, बुढापा पैंशन तथा स्वास्थ्य सहित विशेष सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू की जाएंगी, मीडिया कर्मियों एवं डैस्क कर्मियों को मुफ्त यातायात सुविधा देना, पत्रकारों को सरकारी आवास योजना जारी करने के लिए मोजूदा योजना का रीव्यू करके पत्रकारों के लिए उचित कोटे की व्यवस्था करना तथा हर मीडिया कर्मी को स्टेट हाई-वे पर टोल से छूट इत्यादि का प्रावधान किया जाना मुख्य रहेगा।

इस संबंधी कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बहाल रखने में मीडिया का बहुत बड़ा योगदान है तथा इससे जुड़े कर्मचारी दिन रात अपने फर्ज और जनता की सेवा के लिए दौड़धूप करते हैं। इसलिए उनकी मेहनत और उन्हें भविष्य की सुरक्षा को देखते हुए कांग्रेस द्वारा चुनाव घोषणा पत्र में पत्रकार भाईचारे के लिए विशेष प्रावधान किया गया है।










