
राजौरी (द स्टैलर न्यूज़)। रिपोर्ट: अनिल भारद्वाज। कोविड-19 पर चर्चा व इसके बचाव को जरूरी एहतियात बरतने को एडीएम ( अतिरिक्त जिला आयुक्त) द्वारा बैठक बुलाई गई जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन तथा विभिन्न वार्डों के वार्ड मेंबर मौजूद रहे। बैठक के दौरान एडीसी कृष्ण लाल ने कहा कि कोविड-19 को हमें हल्के में नहीं लेना है और इसके बचाव को जरूरी एहतियात सावधानियां बरतनी है ताकि हम खुद सुरक्षित रहने के साथ-साथ इस महामारी से और लोगों को भी सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव को हमें इस बात पर ध्यान देना है कि हम मास्क पहन कर रखें और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह पालन करें।

उन्होंने यह भी कहा कि लोग पहले की तुलना इस कोविड-19 को अब हल्के में लेना शुरू हो गए हैं, लेकिन ऐसे लोगों को हमें जागरूक करना है और खासकर बाजार में बिना मास्क के घूम रहे लोगों तथा दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने वाले लोगों को सख्ती से निपटना है तथा उनके चालान तक काटकर उन्हें दंडित किया जा सकता है इसके लिए तहसीलदार तथा थाना प्रभारी कार्रवाई कर सकते हैं।
वहीं उन्होंने वार्ड मेंबरों से भी कहा कि आप लोग भी अपनी-अपनी वार्ड में लोगों को इस बैठक में कोविड-19 के प्रति की गई चर्चा व इसके बचाव को दिए गए दिशानिर्देशों के प्रति जागरूक करें ताकि सभी के सहयोग से इस कोविड-19 जैसी महामारी पर अंकुश लग सके वही बैठक के दौरान वार्ड मेंबरों द्वारा बिजली पानी की समस्या के अलावा गलियों सडक़ों की बदहाल दशा के मुद्दे को उठाया गया और इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने जल्द ही इन समस्याओं के निवारण की बात कहीं।












