सायर पर जश्न, पकवानों से महका मंडी और कुल्लू

download-लोगों ने देवालयों में जाकर मांगी मन्नतें-कुल्लू में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सायर उत्सव-
रजनीश शर्मा (मंडी/कुल्लू): वीरवार को सायर का त्योहार मंडी में धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने सायर पूजन के लिए खरीदे धान के पौधे सहित अन्य सामग्री की पूजा-अर्चना की। उसके उपरांत  लोगों ने एक दूसरे को अखरोट बांटे। सायर त्योहार पर लोगों ने तरह-तरह के पकवान भी बनाए। इस दौरान एक माह के उपरांत देवी-देवताओं के कपाट भी खुल गए। अब देवी-देवता अपने साज-बाज के साथ बाहर निकलकर लोगों को अपना आशीर्वाद देंगे। वहीं, किसान देवी-देवताओं को मक्की की फसल का चढ़ावा भी अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि काला महीना होने के कारण देवी-देवताओं के कपाट बंद हो गए थे। कोई भी देवी-देवता अपने लाव लश्कर के साथ बाहर नहीं जा सकता है। सायर उत्सव पर जहां मंडी बाजार में अखरोट की जमकर खरीददारी हुई, वहीं पूरे बाजार में अखरोट के दर्जनों स्टाल लगाया गए थे।

Advertisements

मंदिरों में भक्तों ने टेका माथा

सायर पर्व पर मंडी जिला के विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने माथा टेका। भक्तों ने मंडी के भूतनाथ मंदिर, त्रिलोकनाथ, महामृत्युजंय, टारना, गणपति मंदिर, भीमा काली मंदिर, मौंही नाग, बालक रूपी, नैनादेवी के अलावा मंडी गुरुद्वारा में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। देवताओं को मक्की का चढ़ावा चढ़ा कर सुख शांति की कामना की गई। सायर उत्सव के उपलक्ष्य पर जिला के विभिन्न इलाकों में देवताओं को मक्की की नई फसल चढ़ाई गई वहीं, अखरोट सहित चढ़ावा भी चढ़ाया गया। देवताओं को मक्की की फसल चढ़ाने के साथ ही लोगों ने मक्की के भुट्टे खाने का भी खूब आनंद लिया।

इसी प्रकार कुल्लू जिले में अश्विन संक्रांति पर लोगों ने एक दूसरे को द्रूब बांटकर बधाईयां दीं। वीरवार को ग्रामीण मेलों का आयोजन किया गया। कुल्लू जिला के दियार गड़सा, मणिकर्ण, भुंतर, मनाली और कुल्लू में सायर उत्सव की धूम रही। परंपरागत व्यंजनों की खुशबू से घाटी महक उठी। लोगों ने लजीज पकवान बनाकर मेहमानों को परोसे। बशौणा में देवता कपिल मुनि के दरबार में देव उत्सव आयोजन किया गया। इस मौके पर देवता को देवालय से बाहर लाया गया। देवता ने पूरे गांव में परिक्रमा करके लोगों को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा दूसरे स्थानों पर भी अनेक कार्यक्रम हुए। सुबह से ही लोगों के देवालयों में पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया था। सभी ने अपने आराध्य देवता के दरबार में जाकर आशीर्वाद लिया। धार्मिक नगरी मणिकर्ण में भगवान राम के दरबार में आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। राम मंदिर समिति के प्रधान जनक राज शर्मा ने बताया कि लोगों ने मंदिर में आकर आशीर्वाद लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here