मार्च तक पूरा करें भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम का निर्माण कार्यः वीरेंद्र कंवर

ऊना (द स्टैलर न्यूज़)। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज समूर में भाषा एवं संस्कृति विभाग के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने समूर में 20 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे वर्षा जल संग्रहण डैम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य मार्च 2021 तक पूरा करने के निर्देश दिए। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग का ऑडिटोरियम कई वर्षों से निर्माणाधीन है तथा इसका 80 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है तथा मार्च तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisements

उन्होंने कहा कि समूर में 20 करोड़ की लागत से वर्षा जल संग्रहण डैम नाबार्ड की फंडिंग से बनाया जा रहा है, जिससे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की 5 हजार कनाल भूमि सिंचित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रयासरत है तथा सिंचाई की व्यवस्था होने के उपरांत किसानों को बागवानी विभाग की शिवा परियोजना के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों व बागवानों का लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की अन्य खड्डों तथा नालों पर भी इसी प्रकार से डैम लगाकर किसानों को सिंचाई की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता शशि पाल धीमान, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अरविंद सूद तथा ठेकेदार सतीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here