
-हल्का चब्बेवाल के एक गांव के सरकारी स्कूल में तैनात अध्यापक ने नशे में धुत्त होकर दिया शर्मनाक हरकत को अंजाम- गांव वालों ने की धुनाई तो माफी मांग छुड़ाई जान- पहले भी विवादों में रह चुका है उक्त अध्यापक- ऐसे अध्यापक को नौकरी में रहने का कोई हक नहीं: गांव निवासी-
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला होशियारपुर के अंतर्गत पड़ते हल्का चब्बेवाल के एक गांव में स्थित सरकरी स्कूल के एक अध्यापक द्वारा कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल में दोपहर को छुट्टी होने के समय एक बच्ची के साथ अश्लील हरकतें किए जाने का समाचार प्रकाश में आया है। हालांकि इसकी भनक लगते ही गांव निवासियों ने स्कूल पहुंच कर अध्यापक की अच्छी खबर ली और उसके द्वारा भविष्य में ऐसी हरकत न करते हुए मनाफी मांगने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मगर, अध्यापक द्वारा की गई इस हरकत को लेकर गांव निवासियों में काफी रोष है तथा उनका कहना है कि ऐसे अध्यापक को अध्यापन जैसी नौकरी करने का कोई अधिकार नहीं है। पता चला है कि उक्त अध्यापक स्कूल में अस्थायी तौर पर तैनात किया गया है तथा इससे पहले भी कथित तौर पर दिन दिहाड़े नशे की हालतमें स्कूल पहुंचने और इस प्रकार की हरकतों को लेकर चर्चा में रहने के कारण एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाता रहता है।

जानकारी अनुसार घटना पिछले कल यानि 4 जुलाई की है, जब स्कूल में छुट्टी हुई तो स्कूल में मात्र 4-5 बच्चे ही रह गए थे कि इसी दौरान मौका पाकर उक्त अध्यापक ने एक बच्ची के साथ गलत हरकतें करनी शुरु कर दी। बच्चों द्वारा इसकी जानकारी बाहर जाकर लोगों को दिए जाने के बाद लोगों ने अध्यापक की अच्छी खबर ली। बात और बढ़ाने तथा गांव की बदनामी के डर से बात को दबाया जाना ही बेहतर समझा गया और अध्यापक को भविष्य में ऐसी हरकत किए जाने पर इसकी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया।
अब सवाल यह है कि अगर कोई व्यक्ति अध्यापन जैसे पवित्र कार्य से जुडक़र गुरु-शिष्य के सबंधों को कलंकित करता है तो उसे क्या सजा दी जानी चाहिए, इसके लिए कड़ा कानून बनना चाहिए ताकि इस पवित्र रिश्ते की मर्यादा बनी रहे। फिलहाल अध्यापक द्वारा की गई शर्मनाक हरकत को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है तथा लोगों में इसे लेकर काफी रोष भी व्याप्त है कि अगर उनके बच्चे स्कूल जैसे पाक माहौल में भी सुरक्षित नहीं तो वे उन्हें शिक्षा ग्रहण के लिए कहां भेजें।
इस संबंधी ताजा जानकारी अनुसार गांव निवासियों की शिकायत मिलने पर बी.पी.ई.ओ. ने उक्त अध्यापक को किसी अन्य स्थान पर बदल दिया है तथा जिलाधिकारियों के ध्यान में बात आने के बाद इस संबंधी रिपोर्ट बनाकर विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि उक्त अध्यापक शिक्षा प्रोवाइडर है तथा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।












