
होशियारपुर: ग्रीन वैली होशियारपुर, सूर्य एनक्लेव कॉलोनी में रहने वाले लोगों को अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इलाके में आए दिन 5 से 7 घंटे का पावर कट लग रहा है। जिसके कारण भीषण गर्मी में लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।कॉलोनी वासियों का आरोप है कि लॉकडाउन में अघोषित बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों से शिकायत की जाती है लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिलता। ऐसे में यहां रहने वाले लोगो को परेशानी हो रही है।

लोगों का कहना है कि यहां कभी भी बिजली गुल हो जाती है और फिर घंटों नहीं आती। ग्रीन वैली डेवलपमेंट सोसाइटी के उपाध्यक्ष सुरेश बंसल ने बताया कि लॉकडाउन में लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, ऐसे में बिजली कटौती सिरदर्द बन गई है। जेई और एसडीओ से शिकायत करने पर कोई जवाब नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि शहर के पॉश इलाके ग्रीन वैली हरियाणा रोड पर शहर के अत्याधिक इनकम टैक्स पे करने वाले नागरिक रहते हैं, और इस इलाके में बिजली की सुविधा बाबा आदम के जमाने की है, हिमाचल की वादियों में हल्की सी हवा चलने से भी इस इलाके की बिजली सप्लाई काट दी जाती है, पावरकॉम के अधिकारियों को कई बार बिजली व्यवस्था ठीक करने की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन विभाग के सर पर (जू ) भी नहीं सरकती। शनिवार देर शाम चली आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली की सप्लाई प्रभावित हो गई।
दिलचस्प बात यह है कि इस संबंध में जब स्थानीय लोगों ने पावर काम के कंप्लेंट नंबर 1912 पर फोन करने का प्रयास किया तो वह फोन लग ही नहीं पाया।कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप पर जब उपभोक्ताओं ने एक दूसरे से बिजली कटौती संबंधी जानकारी लेने का प्रयास किया तो किसी के पास भी इस बात का उत्तर नहीं था कि बिजली कब आएगी। उल्लेखनीय है कि जब भी थोड़ी सी हवा चलती है तो पावरकाम की तरफ से सलवाड़ा फीडर की पावर सप्लाई बंद कर दी जाती है, जब हवा चलती है यहां के लोग तो चुटकी लेते हुए कहते हैं के बिजली का कट लगने वाला है।आज जब पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में इतनी तरक्की कर ली है तो फिर इतने लंबे समय तक बिजली कटौती का क्या औचित्य बनता है।अगर कंप्लेंट नंबर ही नहीं चलेगा तो फिर लोग कंप्लेंट किसे करेंगे उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने नगर निगम की सीमाएं बढ़ाई होती तो ग्रीन वैली का इलाका नगर निगम के भीतर होता और इसको सभी शहरी सुविधाएं प्राप्त होती।
ग्रीन वैली डिवेलपमेंट सोसाइटी के लीगल एडवाइजर संदीप कुमार सूद, एसके पोमरा , सुरेश बंसल, रजनीश गुलियानी, दीपक कतना, अरविंद धीमान, सतीश गोयल, कपिल गुप्ता, प्रकाश बंसल, कमांडेंट दर्शन लाल, प्रवीन कुमार, अजीब द्विवेदी , राजीव पाराशर, नवीन पराशर, अमनदीप धामी, बलजीत सिंह, धर्मेंद्र कुमार, चंचल सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से अपील की कि वह शहर की इस कॉलोनी को शहरी फीडर के साथ जोड़कर लोगों को शहर के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही श्याम चौरासी विधानसभा के कांग्रेसी विधायक पवन कुमार आदिया से मुलाकात कर उन्हें इस समस्या से अवगत करवाएंगे और इसका यथा शीघ्र हल निकालने का अनुरोध करेंगे।












