
कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़)। रिपोर्ट: गौरव मडिय़ा। दशहरा पर्व वाले दिन जल सेवा करने दौरान आप नेता मंजू राणा को कहे शब्दों पर कार्यवाही की मांग को लेकर मंजू राणा ने कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर थाना सिटी कपूरथला में शिकायत दी है। उनके द्वारा यह कदम उठाए जाने से राणा गुरजीत की मुश्किलें काफी बढ़ती हुई नजऱ आने लगी हैं। क्योंकि, उस दिन का वीडियो काफी वायरल होने के बाद एवं घटना से आहत मंजू राणा द्वारा यह कदम उठाए जाने के बाद सभी नजऱें जहां पुलिस पर टिक गई हैं वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा इस मामले में क्या रुख अख्तियार किया जाता है को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कपूरथला में इस मामले को लेकर विभिन्न प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं और राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।

जानकारी अनुसार आम आदमी पार्टी की कपूरथला हलका इंचार्ज मैडम मंजू राणा द्वारा पुलिस को अपनी शिकायत में कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत पर यह आरोप लगाया है कि पिछले महीने दशहरे वाले दिन देवी तलाब ग्राउंड के समीप वह लोगों को जल सेवा कर रही थी। जिस दौरान कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह अपने साथियों के साथ वहां से गाडिय़ों में गुजर रहे थे कि मुझे देखकर उन्होंने गाड़ी रोक ली और मुझे इशारा करके अपनी तरफ बुलाने लगे। जब उनके साथ छबील बांट रहे मेरे साथी राणा जी के पास गए तो उन्होंने कहा कि आप नहीं अपनी मैडम मंजू राणा को उनके पास भेजो। जब वह पानी का गिलास लेकर उनके पास गई तो उन्होंने कहा कि तुहाड़े कोलों पानी की पीणा, तुहाड़े पल्ले की ऐ.. और अपने साथियों सहित उनका मजाक उड़ाने लगे।
इस बात पर वे काफी आहत हुई और उन्होंने महसूस किया कि कपूरथला में राणा गुरजीत सिंह द्वारा किए जा रहे व्यवहार से हर कोई दुखी है तथा खासकर यहां पर औरतों का रहना मुश्किल है। इस बात से आहत होकर उन्होंने आज थाना सिटी कपूरथला में राणा गुरजीत सिंह के खिलाफ शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंधी डीएसपी सब डिवीजन सुरिंदर सिंह से शिकायत संबंधी बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस समय अपने कार्यालय में नहीं है और एक गुप्त सूचना के तहत फील्ड में है और कार्यालय में आकर बात करेंगे।
इंसाफ न मिला तो करेंगे धरना प्रदर्शन और हाईकोर्ट का खटखटाएंगी दरवाजा: मंजू राणा
जब मंजू राणा से पत्रकारों ने सवाल किया कि उन्होंने पंजाब के ताकतवर नेता कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है तो इस पर क्या कानूनी कार्रवाई संभव हो सकती है? इस पर उन्होंने कहा कि दशहरे वाले दिन जो हादसा उनके साथ हुआ है उस हादसे की वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कपूरथला के आलावा पूरे पंजाब व देश-विदेशों में यह वीडियो लाखों लोग देख रहे हैं। अगर कपूरथला पुलिस कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह के दबाब में आकर कार्रवाई नहीं करती तो वह आने वाले दिनों में अपनी पार्टी के नेताओं व वालंटियरों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगी और इंसाफ न मिलने पर हाईकोर्ट का दरबाजा खटखटाएंगी।
मंजू राणा द्वारा दी गई शिकायत एवं उनके द्वारा लगाए गए आरोपों संबंधी कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब देखना यह होगा कि राणा गुरजीत इस मामले में क्या पक्ष रखते हैं तथा उनके द्वारा दिए गए बयान भी आप तक जरुर पहुंचाएं जाएंगे।












