
देहरादून (द स्टैलर न्यूज़)। आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड में अपने पांचवें दौरे पर मंगलवार को काशीपुर पहुंचे। इस दौरान केजरीवाल ने उत्तराखंड में पंजाब वाली गारंटी दे डाली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नवनिर्माण में महिला सशक्तिकरण का अहम योगदान होगा। उन्होंने कहा कि इस बार महिलाएं उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएंगी।

केजरीवाल ने कहा कि वह फिर एक एक गारंटी देने आए हैं। इससे पहले में मुफ्त बिजली, रोजगार, मुफ्त तीर्थ यात्रा की गारंटी दे चुका हूं। आज मैं खासकर महिलाओं के लिए बात करने आया हूं। जिसके बाद केजरीवाल ने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में 18 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र की हर महिला के खाते में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जाएंगे। एक परिवार की हर महिला को अलग-अलग एक हजार रुपए मिलेंगे। एक परिवार में अगर पांच महिलाएं है तो पांचों को इसका लाभ मिलेगा।












