भाजपा नेता हरीश शर्मा ने चन्नी सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: गौरव मढिय़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर भारतीय जनता पार्टी एनजीओ सेल कांग्रेस पर हमलावर है। इसे लेकर भाजपा एनजीओ सेल ने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान भाजपा एनजीओ सेल के प्रदेश महासचिव हरीश शर्मा ने पंजाब सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पंजाब की चन्नी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश की कोटि-कोटि जनता का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। भगवान का धन्यवाद कि उनका जीवन सुरक्षित है, वरना कांग्रेस की सरकार और गांधी परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उनकी सुरक्षा से जो खिलवाड़ किया गया वह देश में पहले कभी नहीं हुआ था। हरीश शर्मा ने कहा कि पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से रैली में जा रहे कार्यकर्ताओं पर असमाजिक तत्वों ने हमले करके बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को घायल किया, जो बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने बताया कि घायल कार्यकर्ताओं की पूरी जानकारी भाजपा पंजाब के पदाधिकारी को भेज दी है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर पंजाब और हमारे देश को अस्थिर करने प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकतर आपराधिक गिरोहों के साथ मिलकर राज्य की शांति और सौहार्द को नष्ट करने पर तुले हुई हैं।

Advertisements

उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के खूनी इरादे नाकाम रहे हैं। जो लोग कांग्रेस में मोदी से घृणा करते हैं वो आज प्रधानमंत्री को,उनकी सुरक्षा को कैसे भंग किया जाए, इसके लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि कहा यह दुखद है कि पंजाब के लिए हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं को शुरू करने के लिए पीएम का दौरा बाधित हो गया, लेकिन हम ऐसी घटिया मानसिकता को पंजाब की तरक्की में बाधक नहीं बनने देंगे और पंजाब के विकास के लिए प्रयास जारी रखेंगे। लोगों को रैली में शामिल होने से रोकने के लिए राज्य पुलिस को निर्देश दिया गया था। पुलिस की मनमानी और प्रदर्शनकारियों की मिलीभगत के कारण बड़ी संख्या में बसें फंसी हुई थीं। पंजाब में कांग्रेस सरकार द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली रणनीति लोकतांत्रिक सिद्धांतों में विश्वास रखने वाले किसी भी व्यक्ति को पीड़ा देगी। हरीश शर्मा ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक हुई है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार अपने देश के पीएम की सुरक्षा नहीं कर सकती तो इनकी क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here