
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अमर शहीद लाला जगत नारायण जी के शहीदी दिवस पर होशियारपुर में रक्तदान कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान एक बड़ी ही विचित्र घटना घटी। कैंप का शुभारंभ भाजपा नेता संजीव तलवाड़ व उनकी पत्नी पार्षद नीति तलवाड़ ने रक्तदान करके किया। इस मौके पर विशेष तौर से पहुंचे तीक्ष्ण सूद ने तलवाड़ दंपत्ति को सम्मानित किया। राजनीतिक गलियारों में एक दूसरे से दूर रहने वाले नेताओं को इस प्रकार एक दूसरे के नजदीक देखकर जहां कई लोगों को चर्चाओं के लिए मुद्दा मिल गया वहीं जिन लोगों ने दोनों नेताओं को एक साथ देखा हुआ है उनके लिए ये किसी विचित्र घटना से कम नहीं था।

होशियारपुर में ये तो सभी को पता है कि भाजपा के दो गुटों में एक खन्ना तो दूसरा तीक्ष्ण गुट है और दोनों ही एक दूसरे को फूटी आंख भी नहीं सुहाते। मगर किसी कार्यक्रम के माध्यम से ही सही एक दूसरे से नजदीकियां कुछ देर के लिए भाजपा को मजबूती जरुर दे गईं और ये बात भी सिद्ध कर गई कि राजनीति में कोई किसी का स्थायी दुश्मन या दोस्त नहीं होता। भले ही ये सब थोड़े समय के लिए था, मगर दोनों का एक साथ खड़े रहना ही बड़ी बात थी।
इक छतरी और हम हैं दो

इस दौरान कैंप आयोजकों की तरफ से आयोजित एक अन्य इवैंट के दौरान तीक्ष्ण और तलवाड़ दोनों ने एक ही छाता पकड़ा और मानो उस छाते के नीचे खड़े होकर ये संदेश दे रहे हों कि भले ही हम अलग-अलग हों, मगर पार्टी हितों और जनहितों के लिए वे एक हैं और समाजिक जागरुकता कार्यक्रमों में इसी प्रकार शमूलियत करते रहेंगे। दोनों को इस प्रकार एक साथ देखकर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं ने जन्म लिया।











