
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत में पहली बार सिख सैनिकों के लिए कॉम्बेट हैलमेट बनाया गया है। इसे पटके के ऊपर से पहना जा सकता है। यह हैलमेट न केवल हल्का है, बल्कि एंटी फंगल और एंटी एलर्जिक भी है। कानपुर स्थित ग्लोबल डिफैंस एंड होमलैंड सिक्योरिटी कंपनी एमकेयू ने इसे डिजाइन किया है। कंपनी के मुताबिक, इस हैलमेट का मॉडल: कावरो एससीएच 111 टी है। इसे ‘वीर हैलमेट’ नाम दिया गया है। यह हैलमेट गोलियों और लेवल IIIA तक के टुकड़ों से सिर को बचाने में सक्षम है। इसमें मॉड्यूलर एक्सैसरी कनैक्टर सिस्टम भी है।
कंपनी का कहना है कि यह भारतीय सेना में भर्ती सिखों के लिए अपनी तरह का पहला हैलमेट है। इसे सिख सैनिकों की वीरता के लिए समर्पित किया गया है, क्योंकि सिख युवा बड़ी संख्या में सशस्त्र बल, केंद्रीय पुलिस और अर्धसैनिक बल में सेवा देते हैं।
एमकेयू के एमडी नीरज गुप्ता के अनुसार, ‘एक सिख के लिए पगड़ी उसका गौरव है। हमारी कंपनी की ओर से ‘वीर’ हैलमेट, वीर सिख सैनिकों के जीवन की रक्षा करने के लिए है। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं भी आहत नहीं होगी।’










