
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। ओडिशा के खुर्द जिले के बानापुर में बीजेडी के निलंबित विधायक प्रशांत जगदेव के वाहन से कथित तौर पर कुचले जाने से 7 पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि घटना में चिल्का के विधायक जगदेव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जगदेव के वाहन ने ब्लॉक अध्यक्ष के चुनाव के दौरान बीडीओ बानापुर के कार्यालय के बाहर जमा भीड़ को कथित तौर पर टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना में बानापुर पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक आर. आर. साहू सहित 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हे ऐम्स भुवनेश्वर ले गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘भाजपा के लगभग 13 कार्यकर्ता और 7 पुलिस कर्मी घायल हो गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ‘ खुर्द के एसपी लेख चंद्र पाही ने बताया कि विधायक को पहले टांगी अस्पताल और बाद में उन्हें भुवनेश्वर ले जाया गया। आपको बता दें कि जगदेव को पिछले साल पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया गया था।













