भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन पर ऑडियो/ वीडियो रिकॉर्डिंग सबूतों के साथ मिलीं 7,939 शिकायतें 

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य से भ्रष्टाचार के ख़ात्मे के लिए शुरु की गई भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के दौरान जि़क्रयोग्य उपलब्धियाँ हासिल की हैं और 23 मार्च, 2022 से अब तक मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन (ए.सी.ए.एल.) पर ज़रुरी सबूतों समेत कुल 7,939 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जोकि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की पारदर्शिता और सार्वजनिक प्रशासन में जवाबदेही को प्रोत्साहित करने के लिए अटल प्रतिबद्धता को दिखाती है।  
यह खुलासा करते हुए राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि ब्यूरो राज्य से भृष्टाचार को ख़त्म करने के प्रति अपने मिशन के लिए पूरी तरह से समर्पित है और नागरिकों को भ्रष्टाचार के किसी भी मामले की रिपोर्ट करने के लिए उक्त एक्शन लाईन नंबर 9501-200-200 का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करती रहती है। उन्होंने कहा कि इस नागरिक हितैषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले प्लेटफॉर्म पर कोई भी व्यक्ति रिश्वतखोरी की माँग संबंधी अपेक्षित ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ 24 घंटे सातों दिन शिकायतें दर्ज करवा सकता है।  
प्रवक्ता ने बताया कि एक कुशल प्रक्रिया को सुनिश्चित बनाने, फिज़़ूल ऐंट्रियाँ, स्पैम, जंक पोस्ट और भ्रष्टाचार के साथ ग़ैर-सम्बन्धित ऐंट्रियों के विश्लेषण (फि़ल्टर) के लिए इस वैब पोर्टल पर एक ‘ऑटोमैटिक बोट’ स्थापित किया है। इसके नतीजे के तौर पर कुल 4,02,133 ऐंट्रियों में से 3,90,050 ऐंट्रियों की पहचान अप्रसांगिक पोस्टों और भ्रष्टाचार से कोई सम्बन्ध न होने संबंधी वर्गीकृत करते हुए उनको सिरे से रद्द कर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य ज़रुरी स्रोतों और केवल कार्रवाई योग्य शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करना है, जो भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावशाली ढंग से मुकाबला करने में योगदान देती हैं।  
अधिक विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि बाकी रहतीं 12,083 शिकायतों/ऐंट्रियों का गहराई से मुल्यांकन करने से पता लगा है कि 4,144 शिकायतों का भ्रष्टाचार से कोई सम्बन्ध नहीं था। प्रवक्ता ने आगे कहा कि कार्रवाई योग्य शिकायतों में से, विजीलैंस ब्यूरो ने शिकायतकर्ताओं द्वारा किये गए दावों की पुष्टि के लिए ऑडियो/ वीडियो रिकॉर्डिंगों के साथ बाकी बचीं कुल 7,939 शिकायतों का निपटारा किया। इन शिकायतों की बारीकी से जांच की गई और उनमें से 3,401 शिकायतें अन्य विभागों से सम्बन्धित पाई गईं, जोकि सम्बन्धित विभागों को विचारने और बनती कार्यवाही हेतु भेज दी गईं।  
 प्रवक्ता ने बताया कि बाकी बचीं 394 शिकायतें, जो ऑडियो/ वीडियो रिकॉर्डिंग सबूतों के साथ थीं और सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के दोषों से सम्बन्धित हैं। इन शिकायतों की और ज्यादा जांच के लिए विजीलैंस ब्यूरो के रेंजों में सम्बन्धित सीनियर पुलिस सुपरीटेंडैंट्स (एस.एस.पीज़) को भेज दी गई हैं। सख़्त पड़ताल के नतीजे के तौर पर, अब तक जाँच के नतीजों के आधार पर कुल 88 पहली सूचना रिपोर्टों (एफ.आई.आरज.) दर्ज करके, एक सराहनीय उपलब्धि हासिल की गई है।  
 उन्होंने आगे बताया कि इन पड़तालों के नतीजे के तौर पर 40 पुलिस कर्मचारियों समेत रिश्वत के अलग-अलग मामलों में शामिल 132 मुलजि़मों को गिरफ़्तार किया गया। अप्रैल 2022 से शुरु की गई इस भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के दौरान ब्यूरो ने राज्य भर में भ्रष्टाचार के कुल 298 अलग-अलग मामलों में 359 मुलजि़मों को सफलतापूर्वक गिरफ़्तार किया है। इसके अलावा व्यापक जांच के लिए 152 विजीलैंस पड़ताल दर्ज की गई हैं और 99 मामलों में विभागीय जांच शुरू की गई है। प्रवक्ता ने कहा कि ब्यूरो को अपने अधिकारियों द्वारा दिखाए गए समर्पण और पेशेवरता पर भरोसा है, जो सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी और अखंडता के सिद्धांतों को कमज़ोर करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तेज और निर्णायक कार्यवाही करने के लिए समर्थ बनाता है।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here