
हमीरपुर, (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । हमीरपुर जिला के टौणी देवी तहसील के झनिक्कर गांव में सोमवार को नारी शक्ति द्वारा किया गया आंदोलन रंग लाया है। मंगलवार को कंपनी ने युद्ध स्तर पर डेंजर जोन में डंगा लगाने का काम शुरू कर दिया है। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है। करीब एक साल से कंपनी की बेरुखी और लापरवाही के चलते परेशानी झेल रहे लोगों का सोमवार को गुस्सा फुट गया था और इन्होंने करीब दो घंटे झनिक्कर में चक्का जाम कर रोष प्रकट किया था।

इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंच एनएचएआई और एनएच निर्माण कंपनी के अधिकारियों को आंदोलन स्थल पर पहुंच वस्तुस्थिति सपष्ट करने और डेंजर जोन में काम शीघ्रता से निपटाने के आदेश दिए थे। काफी हंगामे और विवादों के बीच प्रशासन , पुलिस , निर्माण कंपनी महिलाओं और एनएचएआई ने एक समझौता पत्र पर सशर्त हस्ताक्षर किए थे। महिलाओं ने स्पष्ट कहा था कि मंगलवार को अगर कंपनी ने काम शुरू नहीं किया तो फिर से चक्का जाम कर दिया जाएगा। अब मंगलवार को कंपनी ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।
महिलाओं ने प्रशासन का जताया आभार
आंदोलन में शामिल महिलाओं रीना चौहान , सुनीता , नीलम, सरिता, कृष्णी, माया देवी, शीला,सोमा, सपना, शकुंतला, सरिता, अनीता, अमित, , ज्योति, सुमना, गंभरी इत्यादि ने बताया कि कंपनी द्वारा की गई बेतरतीब खुदाई से उनके घरों को खतरा पैदा हो गया था । बरसात का पानी उनके घरों में जा रहा है। कंपनी की लापरवाही से दो दो माह से उन्हें पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। अधूरे डंगे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे थे। अब उनके क्षेत्र में दोनों तरफ़ डंगा लगने का काम शुरू होने से राहत मिली है। महिलाओं ने तहसीलदार बमसन डॉक्टर आशीष शर्मा और पुलिस का सहयोग कर निर्माण कार्य शुरू करवाने पर आभार जताया है।












