
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर से मंडी वाया कोट, टौनी देवी, धर्मपुर बन रहे एनएच निर्माण को लेकर नित नए विवाद जुड़ते जा रहे हैं। सोमवार को झनिक्कर में महिलाओं द्वारा चक्का जाम करने और एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ हुई नारेबाजी के बाद जनता का आक्रोश अभी तक शांत नहीं हुआ है। देर शाम को जब पुलिस प्रशासन और तहसीलदार बमसन डॉक्टर आशीष शर्मा के आदेशों के बाद जब एनएचएआई के साइट इंजीनियर सुशील कुमार के अलावा कंपनी के इंजीनियर मौके पर पहुंचे तो माहौल एक बार फिर तनाव पूर्ण हो गया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रही रीना चौहान ने गंभीर आरोप लगाए कि कंपनी के नुमाइंदे ने शराब पी हुई है और उसके मुंह से स्मेल आ रही है। इस पर काफी विवाद हुआ। आंदोलनकारी महिलाओं ने बताया कि निर्माण कंपनी के अधिकतर कर्मचारी महिलाओं से अक्सर दुर्व्यवहार करते हैं । उन्होंने पुलिस प्रशासन के सामने यह भी कहा कि कंपनी के कर्मचारी रात की शिफ्ट में शराब पीकर वाहन चलाते हैं जिससे कभी भी दुर्घटना घट सकती है। इसके विवाद उस वक्त फिर बढ़ गया जब पुलिस, जनता, और तहसीलदार बमसन की अनधिकृत रिकार्डिंग करता हुआ कंपनी का ही एक व्यक्ति पकड़ा गया। पुलिस ने उसे सख्ती से रिकार्डिंग करने की वजह पूछी तो वह संतोष जनक जबाव न दे पाया। इस पर उसे कुछ घंटों के लिए हिरासत में ले लिया गया।
एनएच 03 के बेतरतीब निर्माण से परेशान जनता ने हमीरपुर जिला के टौणी देवी तहसील के झनिक्कर गांव में करीब दो घंटे चक्का जाम कर दिया था। जनता ने निर्माण कंपनी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और धांधलियों बंद करने की चेतावनी दी। मौके पर टौणी देवी पुलिस चौकी की पुलिस टीम पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस के और जवान भी मंगवाए गए। इसके अलावा तहसीलदार बमसन डॉक्टर आशीष शर्मा ने लोगों को समझा बुझाकर पहले जाम खुलवाया और फिर कंपनी की अधिकारियों को मौके पर पहुंच लोगों की समस्या सुनने के आदेश दिए थे।
कंपनी के अधिकारियों को निर्धारित समय में अधूरे डंगे पूरे करने, भारी गाड़ियों का रूट डायवर्ट करने तथा लोगों को आ रही दिक्कतों को शीघ्र दूर करने के आदेश लिखित रूप में दिए गए। इस बारे में तहसीलदार बमसन डॉक्टर आशीष शर्मा ने बताया कि आंदोलन कर रही महिलाओं की समस्याएं सुलझाने के लिए एनएचएआई के साइट इंजीनियर और कंस्ट्रक्शन इंजीनियर को मौके पर बुलाया गया था। अनाधिकृत रिकार्डिंग कर रहे कंपनी के व्यक्ति को कुछ घंटे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी जिसे बाद में छोड़ दिया गया।











