Wednesday, October 21, 2026
Home Hoshiarpur खेल व खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन में पंजाब सरकार नहीं छोड़ रही कोई...

खेल व खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन में पंजाब सरकार नहीं छोड़ रही कोई कमी: मंत्री जिंपा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हांगज़ू में आयोजित एशियन गेम्ज में महिलाओं की 800 मीटर व 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाले होशियारपुर के माहिलपुर की हरमिलन बैंस का जिले में पहुंचने पर जोरदार ढंग से स्वागत हुआ। इस दौरान जिला ओलंपिक एसोसिएशन व जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से हरमिलन के सम्मान में लाजवंती स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा, डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर कोमल मित्तल व एस.एस.पी होशियारपुर सरताज सिंह चाहल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व इंटरनेशनल खिलाडिय़ों की ओर से हरमिलन बैंस का सम्मान किया गया।
कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि होशियारपुर की बेटी हरमिलन बैंस ने पूरे देश का नाम रोशन करने के साथ-साथ पंजाब, होशियारपुर, माहिलपुर व साथ ही साथ बैंस परिवार का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाले ही हमारे रियल हीरो है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही पंजाब के 33 रियल हीरोज(खिलाडिय़ों) ने एशियन गेम्ज के 72 वर्षों के सभी रिकार्ड तोड़ते हुए 8 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ कुल 19 पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर इस बार एशियन गेम्ज में हिस्सा लेने गए 48 पंजाबी खिलाडिय़ों को तैयारी के लिए प्रति खिलाड़ी 8 लाख रुपए के हिसाब के साथ कुल 4.64 करोड़ रुपए दिए गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री निजी स्तर पर प्रदेश में खेल गतिविधियों के प्रोत्साहित करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि होशियारपुर में सिंथेटिक ट्रैक बनाने को खेल मंत्री से बातचीत कर इस दिशा में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

कैबिनेट मंत्री जिंपा, डिप्टी कमिश्नर, एस.एस.पी  के अलावा खेल प्रेमियों ने किया हरमिलन बैंस को सम्मानित

डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने कहा कि हरमिलन की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए हरमिलन के साथ-साथ उनका पूरा परिवार बधाई का पात्र है, जिसने उसका हमेशा हौंसला बढ़ाया है। इस दौरान उन्होंने अन्य खिलाडिय़ों को भी हरमिलन से प्रेरणा लेते हुए जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। हरमिलन बैंस ने कहा कि पंजाब के खिलाडिय़ों खासकर होशियारपुर के खिलाडिय़ों में बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं और उन्हें उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी भविष्य में और ज्यादा मैडल लाकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहाकि पंजाब सरकार की ओर से खेल व खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने में काफी सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को संदेश देते हुए कहा कि अगर ठान लो तो दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है।
इस मौके पर एस.डी.एम होशियारपुर प्रीतइंदर सिंह बैंस, पूर्व विधायक सुरिंदर सिंह भुल्लेवालराठां, जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह, सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं विभाग प्रीत कोहली, अर्जुन अवार्डी परमजीत सिंह, अमनदीप सिंह बैंस, गुरमीत कौर बैंस, बलराज सिंह, निमिशा मेहता, सुरिंदर सिंह, अतिंदर सिंह माहिलपुर, जिला एथलेकिटक्स एसोसिएशन के प्रधान राकेश अहीर, प्रदीप डोगरा, हरजिंदर सिंह, अमनदीप सिंह बैंस, बलजीत सिंह, प्रदीप विर्ली, मलकीत सिंह सोढी, कमलदीप सिंह, बलबीर सिंह, जसवंत विक्की, रमनजीत सिंह संघेड़ा, सरबजीत सिंह, मलकीत सिंह, अमनदीप सिंह बैंस के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here