
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं संबधी सूचना सामग्री लेकर जाने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन को आज अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(ग्रामीण विकास) बलराज सिंह ने बी.डी.पी.ओ होशियारपुर-1 कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के फील्ड प्रचार अधिकारी राजेश बाली, डी.डी.पी.ओ भूपिंदर सिंह मुल्तानी, बी.डी.पी.ओ सुखविंदर सिंह भी मौजूद थे।

ए.डी.सी ने बताया कि वैन में सरकार की विभिन्न योजनाओं पर पंपलेट, बुकलेट जैसी सूचना सामग्री जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर जन जागरूकता के लिए उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य सभी योग्य लाभार्थियों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना है। यह वैन प्रधानमंत्री के संबोधन वाली वीडियो, लाभार्थियों के वीडियो और कुछ अन्य छोटी जागरूकता फिल्में दिखाने के लिए साउंड सिस्टम और डिजिटल एल.ई.डी स्क्रीन से भी सुसज्जित है।
ए.डी.सी बलराज सिंह ने कहा कि यह पहल उन सभी लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी जो अपने बेहतर जीवन के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभ लेने के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर नाम दर्ज करवाने वाले लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ मुहैया करवाया जाएगा। आज आदमवाल और अज्जोवाल गांवों को कवर किया जाएगा।












