
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। चांद को लेकर विभिन्न देशों में मुकाबला जारी है। इसी बीच चीन एक नए प्रौजेक्ट की तैयारी कर रहा है। चीन अगले दो सालों (2025-2026) में दो रॉकेट भेजने की तैयारी कर रहा है। चीन ने 2030 तक चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने का लक्ष्य रखा है। स्पेसन्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों रॉकेट को भेजा जाना चीन के लक्ष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होगा। इन दोनों रॉकेटों की खासियत ये है कि पहले भेजे गए चीन के दूसरे रॉकेटों के विपरीत ये पूरी तरह से पुनः इस्तेमाल किए जाने वाले होंगे।

यानी भविष्य के मिशन के लिए उन्हें फिर से बनाने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल अभी तक चीन ने इन रॉकेटों को कोई नाम नहीं दिया है। स्पेस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक 5 मीटर व्यास वाला रॉकेट लॉन्ग मार्च 10 की तरह होगा, जो एक सिंगल स्टिक वैरिएंट है, जिसका उपयोग नई पीढ़ी के क्रू अंतरिक्ष यान को पृथ्वी की निचली कक्षा में लॉन्च करने के लिए किया जाएगा।












