
चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़): पंजाब में लोगों का हर वर्ग सत्तारूढ़ आप और कांग्रेस के बीच बेशर्म अपवित्र गठबंधन से निराश है और वे भगवंत मान के नेतृत्व वाले शासन के अहंकार और पंजाब की प्रतिष्ठा और स्वायत्तता को कम करने व अपने दिल्ली के आकाओं के सामने सरेंडर करने की नीतियों के खिलाफ खुलकर सामने आने के लिए आचार संहिता की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। यह विचार पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ शनिवार को आगामी लोकसभा चुनावों से पहले स्टेट इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी व पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए प्रकट किये। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोगों ने आप और कांग्रेस के बीच इस अवैध साझेदारी को देख लिया है और वे दोनों पार्टियों को लोकसभा चुनावों में सबक सिखाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में ठोस वापसी के साथ पंजाब के दीर्घकालिक हितों की रक्षा करने के लिए उपयुक्त है। जाखड़ ने कहा, पिछले दस वर्षों में भारत ने तीव्र गति से विकास किया है और पूरी दुनिया इस गति को आगे बढ़ाने के हमारे प्रयासों की ओर देख रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”पंजाब केंद्र में निरंतरता के लिए वोट करेगा और भाजपा को सभी सीटों पर जीत दिलाकर अधिकतम योगदान देगा।” उन्होंने जमीनी स्तर पर सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत जारी रखने और प्रधानमंत्री के सर्व समावेशी विकास के संदेश को घर घर तक पहुंचाने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे कुशलता से काम करती है और हम हर मुद्दे पर आप के झूठ को उजागर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, चाहे वह किसानों की चिंता हो या सरकारी कर्मचारियों या उद्योगपतियों की मांग हो। जाखड़ ने कहा, मुख्यमंत्री द्वारा खुद को किसानों के वकील के रूप में पेश करने के नाटक ने खेती के मुद्दों के बारे में उनकी समझ को और ज्यादा उजागर कर दिया है और हमारे युवाओं को राजनीतिक मकसद के लिए भड़काने और इस्तेमाल करने के घातक एजेंडे के बारे में भी किसानों को जागरूक किया है। जबकि मुख्यमंत्री अन्य राज्यों में उद्योगपतियों के साथ चाय और दोपहर के भोजन के फोटो-ऑप के लिए जनता का पैसा बर्बाद करते हैं, गैंगस्टरों का राज है और यहां तक कि छोटा व्यापारी भी बिना किसी गलती के मारे जाने के डर में जी रहा है। जाखड़ ने टिप्पणी की, लोगों का कोई भी वर्ग इस सरकार से संतुष्ट नहीं है, जल्द ही लोकसभा चुनावों के नतीजों से सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।












