
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। चेक गणराज्य में यात्री रेलगाड़ी और मालगाड़ी के बीच टक्कर होने से करीब 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य लोग घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गृह मंत्री विट रकुसन ने बताया कि इस दुर्घटना में करीब 27 यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात प्राग से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व में पर्डूबिस शहर में हुई।

गृह मंत्री ने बताया कि यात्री रेलगाड़ी निजी कंपनी ‘रेजियोजेट’ की थी। परिवहन मंत्री मार्टिन कुप्का ने बताया कि प्राग और देश के पूर्वी भाग के बीच प्रमुख रेल लाइन पर परिचालन को बंद करना पड़ा है बचावकर्मियों ने बताया कि पूर्वी स्लोवाकिया के कोसिसे शहर और फिर वहां से यूक्रेन की सीमा पार चोप की ओर जा रही ट्रेन में 380 यात्री सवार थे। फिलहाल अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं।












