
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एक हैरानीजनक जानकारी शेयर की है। जानकारी मुताबक 79 साल बाद एक तारें में विस्फोट होने वाला है।अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का कहना है कि जब विस्फोट होगा, आकाश में एक चमक नजर आएगी, जो खगोलविदों को आश्चर्यचकित कर सकती है। विस्फोट इतना बड़ा हो सकता है कि शायद उसे नग्न आंखों से देखा जा सके। नोवा स्टार सिस्टम हमारे ब्रह्मांड में कोरोना बोरेलिस तारामंडल में है। हालांकि, वैज्ञानिक इसकी टाइमिंग के बारे में ज्यादा नहीं जानते। उन्होंने दावा किया कि यह जब भी होगा, ऐसा होगा, जिसे आप याद रखेंगे।

जिस तारे में विस्फोट होने वाला है, वह एक बाइनरी सिस्टम में बंधा है। ऐसे सिस्टम में एक बड़ा तारा होता है और एक सफेद बौना तारा। मौजूदा मामले में बड़ा तारा अपने मटीरियल को सफेद बौने तारे के तल पर डंप कर रहा है, क्योंकि दोनों एक-दूसरे के बहुत नजदीक चक्कर लगा रहे हैं। मटीरियल डंप होने से बौने तारे के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा होने पर उसमें थर्मोन्यूक्लियर विस्फोट शुरू हो जाएगा। आखिरकार वह उस सारे मटीरियल को अंतरिक्ष में उड़ा देगा और बहुत अधिक चमकीला हो जाएगा, पहले की तुलना में सैकड़ों गुना चमकीला।












