
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। भारतीय सेना में टौणी देवी के झोखर गांव के अंकेश चौहान लेफ्टिनेंट बन गए है तथा इससे परिजन और गांव वासी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। घर पहुंचने पर उसका भव्य स्वागत किया गया।

टपरे पंचायत के झोखर गांव में पूर्व सैनिक रणजीत सिंह और माता सोमा देवी के घर जन्में अंकेश चौहान की जमा दो तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टौणी देवी में हुई। इसके बाद उन्होंने जेबीटी की परीक्षा पास की। अंकेश का सपना भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का था और इसी क्रम में वह 23 मई 2016 को सेना में एक क्लर्क के तौर पर भर्ती हो गए। लेकिन यहां पर ही उसके कदम नहीं रुके, इसकी मंजिल तो कुछ और ही थी। अंकेश ने दिन रात मेहनत की और सेना की नौकरी भी की। इसके बाद इसने कमीशन पास किया और 8 जून 2024 को आईएमए देहरादून उत्तराखंड से कमीशन पास कर लिया। अब वह लेफ्टिनेंट के तौर पर आरकेटी रेजीमेंट आरटी में सेवाएं देंगे। सेना में सेवाएं देने के साथ पढ़ाई कर कड़ी मेहनत कर बड़ा मुकाम पाने वाले कम ही युवा होते हैं। इसमें अंकेश ने भी अपना नाम दर्ज करवा दिया है। यह किसी बड़ी ख्याति से कम नहीं है। लेफ्टिनेंट बनने के बाद अंकेश चौहान गुरुवार को अपने पैतृक गांव झोखर पहुंचे ।
यहां पर उनका बैंड बाजे और फूल मालाओं के साथ परिजनों व ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया तथा पलकों पर बिठा लिया। इसके बाद परिजन व ग्रामीण अंकेश के साथ टौणी देवी माता मंदिर पहुंचे वहां पर पूजा अर्चना के बाद मां का आशीर्वाद लिया।गांव वालों व परिजनों ने इस दौरान गीत संगीत का भी आनंद लिया। अंकेश के पिता रणजीत सिंह और माता सोमा देवी का कहना है कि उन्हें अपने बेटे की सफलता पर काफी गर्व है, जिसने सेना में एक सैनिक के तौर पर भर्ती होकर कुछ ही वर्षों में कड़ी मेहनत की और लेफ्टिनेंट के पद पर पहुंच गए हैं। 30 वर्षीय अंकेश की इससे बड़ी खुशी उनके परिवार के लिए कोई और नहीं हो सकती। अंकेश नौकरी के साथ ही दिन-रात पढ़ाई भी करता रहा तथा कुछ कुछ कर गुजरने की क्षमता उसके अंदर थी और इसी के दम पर उसने आईएमए देहरादून से कमीशन क्वालीफाई किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भी मेहनत करके बड़े से बड़ा रुतबा हासिल करना चाहिए अंकेश का कहना है कि युवाओं को कड़ी मेहनत करनी चाहिए और जीवन में सफलता उनके कदम चूमेगी। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहना चाहिए। नशा युवा पीढ़ी को अंधेरे की गर्त में धकेल रहा है। अंकेश को बधाइयां देने वालों का उनके घर तांता लगा हुआ है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर के साथ ही टपरे पंचायत के प्रधान दिवान चंद तथा बारीं पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर, ग्रामीण सूबेदार विजय चौहान, मस्तराम, पूर्व शिक्षक धर्म सिंह सहित अन्य ने भी बधाई दी है। अंकेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। युवाओं को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।












