प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार है और भाजपा वाले 2015-16 में ही जी रहे हैं: राकेश मरवाहा

होशियारपुर, (द स्टैलर न्यूज़)रिपोर्ट: गुरजीत सोनू। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश मरवाहा ने आज यहां कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में 2018 चल रहा है, जबकि भाजपा वाले 2015-16 में ही जी रहे हैं। इस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और सरकार द्वारा जनता की सुविधाओं के लिए करवाए जा रहे विकास कार्यों का शुभारंभ सरकार के विधायक नहीं करेंगे तो क्या हारे हुए करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करके राज करना भाजपा के सिद्धांतों में शामिल होगा, कांग्रेस जो कहती है वही करती है और उसने सदैव विकास को प्राथमिकता दी है।

Advertisements

राकेश मरवाहा ने कहा कि नगर निगम पर काबिज अकाली-भाजपा पार्षदों को स्वार्थ की राजनीति छोडक़र शहर के विकास के लिए विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा का साथ देना चाहिए ताकि सरकार से और फंड लाकर शहर व गांवों का विकास करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिस सडक़ को लेकर भाजपा वाले राजनीति कर रहे हैं, उसका कार्य कांग्रेस की सरकार करवाने जा रही है। अगर इन्हें इतनी ही जनता की फिक्र थी तो इन्होंने अपने कार्यकाल में क्यों नहीं काम करवाया इसका शायद इनके पास कोई जवाब नहीं होगा।

क्योंकि पंजाब व जनता को लूटने के सिवाये इन्होंने कुछ नहीं किया। जिसके चलते जनता ने इन्हें सत्ता से बाहर कर दिया था। उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए 3 करोड़ से अधिक की राशि भी पंजाब सरकार ने जारी की है, यह राशि भले ही करवाए गए विकास कार्यों के लिए है, मगर इससे यह सिद्ध हो जाता है कि पंजाब की कांग्रेस सरकार विकास को लेकर कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने का कोई न कोई मौका खोजती रहती है, जबकि जनता इनकी नाकामियों और लूट की नीति को भलिभांति जानती है।
इस मौके पर कमल भट्टी, आशू उमट, नरेश कुमार, नवदीप ओहरी, सतीश कुमार, अमरजीत व अमन शर्मा आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here