Saturday, October 24, 2026
Home Chandigarh पंजाब पुलिस ने अमृतसर से 5 किलोग्राम हेरोइन की जब्त, 3 गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने अमृतसर से 5 किलोग्राम हेरोइन की जब्त, 3 गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर, (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार नशामुक्त पंजाब के लक्ष्य के तहत पंजाब पुलिस ने सीमा पार से नशा तस्करी के नेटवर्क को एक और बड़ा झटका दिया है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने आज 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी देते हुए पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर में एक ही दिन में यह दूसरी बार 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पिछले पांच दिनों में अमृतसर से कुल 27.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है।

Advertisements

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान तरनतारन के गांव नौशेरा के रसल सिंह, अमृतसर के वणियाके के जसकरण सिंह और अमृतसर के सहुरा के अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक यामाहा स्कूटर भी जब्त किया है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर PB-02-DW-4187 है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि उक्त तीनों आरोपी थाना घरींडा के तहत आने वाले सीमा क्षेत्र के गांव धनोए में ड्रोन के जरिए फेंकी गई हेरोइन की खेप प्राप्त कर चुके हैं।  इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआई अमृतसर के डीएसपी बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमृतसर के गांव रणिके के बागड़ियां मोड़ पर नाका लगाकर तीनों आरोपियों को 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

डीजीपी ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित नशा तस्करों के सीधे संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि नए अपराध कानूनों के प्रावधानों के अनुसार गजटेड अधिकारी की मौजूदगी में पूरी तलाशी और बरामदगी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई है।  इस मामले की पूरी जांच की जा रही है ताकि इसके पीछे के संपर्कों का पता लगाया जा सके। इस संबंध में थाना स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 37 दर्ज की गई है।

बॉक्स: अमृतसर में पांच दिनों में 27.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद

28 जून: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा संचालित सीमा पार से नशा तस्करी के दो रैकेटों का पर्दाफाश कर तीन नशा तस्करों को 9.2 किलोग्राम हेरोइन (8.2 किलोग्राम + 1 किलोग्राम) के साथ गिरफ्तार किया।

29 जून: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित नशा तस्करी के दो अन्य रैकेटों का पर्दाफाश करते हुए छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन और तीन पिस्तौल बरामद किए।

2 जुलाई: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा निवासी खेमकरण को 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।

2 जुलाई: काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने तीन नशा तस्करों को 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here