
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दो दिन पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की खबर मिली थी। जिसके बाद आज ट्रंप कान पर पट्टी बांधकर ‘रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन’ (आरएनसी) सम्मेलन में पहुंचे। ट्रंप ने सम्मेलन को संबोधित नहीं किया लेकिन जब वह मंच से पीछे से सम्मेलन में प्रवेश करते समय स्क्रीन पर नजर आए तो वहां मौजूद लोगों ने तालियों एवं नारेबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और जब ली ग्रीनवुड ने ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ गाना गाया तो सभी भावुक हो गए।

‘रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन’ में पर्याप्त संख्या में ‘डेलीगेट’ (मतदाताओं के समूह का प्रतिनिधित्व करने वाला व्यक्ति) के वोट हासिल करने के बाद ट्रंप राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार बन गए हैं। इसके कुछ घंटों बाद वह इस सम्मेलन में उपस्थित हुए। ट्रंप ने ओहायो के सीनेटर जे डी वेंस को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है।











