
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पूरे देश के साधु संतों से कथावाचकों से भगवान रामजी का राज्य देश में लाने का संकल्प करने वालों से मेरी एक प्रार्थना है कि अपने देश में आज हालत यह हो गई कि भाई भाई आपस में लड़ रहे हैं, गोलियां चलाकर एक दूसरे का खून बहा रहे हैं। यहां तक कि खेत के पानी के लिए भी भाई भाई का खून बहा रहा है। वैसे भी अति भौतिकता के इस युग में अगर हमारे साधु संत यह सोचते हैं कि केवल टेलीविजन पर कथा सुनाकर या बड़े-बड़े पंडालों में आयोजन करके देश को राम मय बनाया जा सकता है तो यह केवल दिवास्वप्न है।

गांवों में, शहरों में युवक नशे का ग्रास बन रहे हैं, कुछ विदेशों की ओर भाग रहे हैं और कुछ परिवार दीवार के लिए, दौलत के लिए, जमीन के लिए, खेत के पानी के लिए खून बहा रहे हैं। मेरी सभी धार्मिकजनों से, शंकराचार्य जी से और देश के बड़े—बड़े आश्रमों में बैठे धार्मिक जनों से यह निवेदन है कि अगर अपने समाज को बचाना है तो जनता के बीच आएं। राम भरत का देश आज पानी के लिए भाई का खून बहाने वाला बनता जा रहा है। इसकी चिंता करें, नियंत्रण करें।












