
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सिविल सर्जन होशियारपुर डा. पवन कुमार शगोत्रा ने ब्लॉक हारटा बडला के अधीन आने वाले आम आदमी क्लिनिक फुगलाना का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ जिला कार्यक्रम प्रबंधक मुहम्मद आसिफ भी मौजूद रहे। सिविल सर्जन डा. पवन कुमार शगोत्रा ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उन्होंने ओपीडी रिकार्ड की जांच की। उनके द्वारा मरीजों के रिकॉर्ड, दवाओं के स्टॉक एवं साफ-सफाई की विशेष रूप से समीक्षा की गयी। उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन ने चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य स्टाफ को संस्थान के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने एवं मरीजों का उचित रिकॉर्ड रखने को कहा। उन्होंने आये हुए मरीजों से दी जा रही सेवाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोगों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करायी जा सके। डा. पवन ने बुधवार को आम आदमी क्लिनिक में चल रहे ममता दिवस की भी समीक्षा की। उन्होंने वैक्सीन रखरखाव के लिए आईएलआर का भी परीक्षण किया। उच्च जोखिम गर्भवती औरतों की डियू सूची की जांच की तथा सूची के अनुसार जो 18 गर्भवतियां उच्च जोखिम में थी उनका फाॅलोअप करने के निर्देश दिये।












