
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिम्पा ने आज वार्ड नंबर 45 में 23 लाख रुपए की लागत से विभिन्न गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि मात्र ढाई वर्षों के कार्यकाल में शहर में करीब 30 करोड़ रुपए के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर कोने में विकास को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 45 में यह निर्माण कार्य स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करेगा और क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने विकास कार्यों की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

ब्रम शंकर जिम्पा ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार विकास को सबसे प्राथमिकता दे रही है, चाहे वह शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी स्थान को विकास से वंचित न रखा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलें और पंजाब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, डिप्टी मेयर रंजीता चौधरी, पार्षद कुलविंदर कौर कपूर, अवतार सिंह कपूर, भूपिंदर सिंह भारज, कैप्टन बचितर सिंह, पवन कुमार, विमला देवी, राजिंदर सोंधी, जोगा राम, जसवंत सिंह, कुलविंदर कौर, सविंदर कुमार, सतविंदर सिंह, प्रकाश सिंह भी मौजूद थे।












