
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। सत्तासीन कांग्रेस द्वारा पूरी ताकत झोंक दिए जाने के बावजूद सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत जिला परिषद और वार्ड पार्षद के चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहराया है और जीत के बाद भाजपा के दोनों विजेता प्रत्याशियों ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के आवास पर पहुंचकर जश्न का माहौल बना दिया। भाजपा की यह जीत इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि जिला परिषद के बीड़ बगेहड़ा जिला परिषद वार्ड से मौजूदा विधायक कैप्टन रंजीत राणा द्वारा सीट खाली करने के बाद यह उपचुनाव हुआ था और विधायक ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न तो बनाया ही था , साथ ही सत्ता का पूरा तंत्र भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने में जुटा था लेकिन यहां भाजपा प्रत्याशी प्रवीण ठाकुर ने जीत अर्जित करके भाजपा को दोहरी खुशी मनाने का मौका दे दिया। इससे पहले कल सुजानपुर नगर परिषद के एक वार्ड के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरजा ठाकुर ने भी शानदार जीत अर्जित की थी।

कांग्रेस को इन दोनों उपचुनाव में हार का मुख देखना पड़ा है। दिलचस्प बात यह भी है कि सुजानपुर नगर परिषद में अविश्वास प्रस्ताव के बाद भाजपा ने पहले जीत अर्जित करवा कर कांग्रेस का खेल खराब किया था। और अब दोनों उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशियों ने जीत अर्जित करके कांग्रेस को ट्रिपल झटका दे दिया है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के बाद कांग्रेस को यहां लगातार झटके लग रहे हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने अपने मित्रों पर खजाना लूटा कर प्रदेश के हर वर्ग को ठगा है । राजेंद्र राणा ने कहा कि यह चुनावी नतीजे साफ संकेत दे रहे हैं कि जनता सुक्खू सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। हिमाचल की जनता के इसी जन आक्रोश को भांपकर कांग्रेस नेतृत्व ने भी चुनावी राज्यों में हिमाचल के सीएम सुक्खू को चुनाव प्रचार से दूर किया रखा है।











