
बांग्लादेश (द स्टैलर न्यूज़)। बांग्लादेश के जेशोरेश्वरी मंदिर से मां काली का मुकुट चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई है। चांदी का बना सोने की परत वाला यह मुकुट भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर को उपहार में दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2021 में जब बांग्लादेश गए थे तो उन्होंने जेशोरेश्वरी मंदिर का दौरा भी किया था। इस दौरान उन्होंने ये मुकुट भेंट किया था। उपहार में दिया गया देवी काली का ये मुकुट कथित तौर पर चोरी हो गया है।

इस घटना पर भारत ने सख्त रुख दिखाया है। ढाका में भारतीय उच्चायोग ने बयान जारी करते हुए इस पर चिंता जताई है। उच्चायोग ने मुकुट को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












