Monday, October 5, 2026
Home Hoshiarpur गांवों के समग्र विकास, सामुदायिक एकता व सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करती...

गांवों के समग्र विकास, सामुदायिक एकता व सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करती है सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायते: डा. रवजोत

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कैबिनेट मंत्री पंजाब डा. रवजोत सिंह ने कहा कि पंचायती चुनाव देश में लोकतांत्रिक प्रणाली की नींव हैं, जिसका उद्देश्य लोगों को जमीनी स्तर पर लोकतंत्र का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतें गांवों के समग्र विकास, सामुदायिक एकता व सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूती करती हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि बड़ी संख्या में पंचायते सर्वसम्मति से चुनी गई हैं। वे आज अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह पाबला के अलावा हरप्रीत सिंह धामी भी उपस्थित थे।

Advertisements

कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि होशियारपुर जिले की 1405 पंचायतों में से 266 पंचायतें और 54 सरपंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। विशेष रूप से शाम चौरासी विधान सभा क्षेत्र, जिसमें दो ब्लॉक (होशियारपुर-1 और भूंगा) आते हैं, में सर्वाधिक 61 पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी गई हैं, जिनमें सरपंच व पंच सभी सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में 10 सरपंच भी सर्वसम्मति से चुने गए हैं। अगर देखा जाए तो विधान सभा शाम चौरासी में कुल 71 सरपंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इस दौरान उन्होंने सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को बधाई भी दी।

डा. रवजोत सिंह ने कहा कि शाम चौरासी क्षेत्र का गांव लम्मे विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जहां 10 बार से लगातार 50 वर्षों तक पंचायत सर्वसम्मति से चुनी गई है, और इस बार 11वीं बार भी यह परंपरा जारी रही है। इसी तरह गांव सिंगड़ीवाला में लगातार छठी बार पंचायत सर्वसम्मति से बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की भी यह मान्यता है कि पंचायतों में सर्वसम्मति से उम्मीदवारों का चुनाव होने से गांवों का विकास होता है।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि जो भी गांव सर्वसम्मति से पंचायत का चुनाव करेगा, उसे सरकार की ओर से स्टेडियम, स्कूल या अस्पताल के लिए पांच लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वादे के अनुसार सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और पंजाब सरकार गांवों का पूर्ण कायाकल्प करने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here