
जम्मू कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उमर अब्दुल्ला, पांच मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उमर के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, प्रकाश करात, कनिमोई, महबूबा मुफ्ती आदि नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह से पहले उमर अब्दुल्ला ने नेकां के संस्थापक शेख मुहम्मद अब्दुल्ला के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि , “मैं 6 साल का कार्यकाल पूरा करने वाला आखिरी मुख्यमंत्री था। अब मैं केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का पहला मुख्यमंत्री बनूंगा।” उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा अस्थायी रहेगा और जल्द ही राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के लोगों की समस्याओं का समाधान करने और उनकी आवाज़ सुनने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।












