
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अगर आप भी दुकान या मकान का निर्माण कार्य करवा रहे हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि शहर में ईंट चौर सरगर्म है और कहीं ऐसा न हो कि आपकी गहरी नींद इन चोरों के हौंसले बुलंद कर दे और ये रात के अंधेरे में ईंटें या कोई अन्य निर्माण सामग्री चोरी करके रफूचक्कर हो जाएं। ताजा जानकारी अनुसार बलबीर कालोनी व माडल टाउन के समीप चोअ बांध के साथ लगते इलाके में किसी द्वारा निर्माण कार्य करवाने हेतु ईंटें सिटवाई गईं थीं तथा शाम को काम खत्म करके मजदूर व मालिक वहां से चले गए थे। गत रात्रि करीब 1 बजे रात के अंधेरे में एक चोर रेहड़ा लेकर आया और उस पर ईंटें लादले लगा।

इससे पहले कि वह ईंटें लेकर फरार हो जाता, उससे पहले ही माचल टाउन के कुछ युवक एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे और उनकी नज़र उस पर पड़ गई। उन्होंने रेहड़े वाले पूछा कि ईंटें इतनी रात को कहां लेकर जा रहा है तथा यहां का मालिक कहां है। इस पर जब उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो वह समझ गए कि यह कोई चोर है और रेहड़े पर ईंटें चोरी करके ले जाने वाला है। इसके बाद उन्होंने उसकी वीडियो बनाई ताकि उसकी पहचान हो सके। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर वह चोअ की तरफ भाग निकला। युवकों ने उसका काफी पीछा किया, लेकिन वह चोअ में कहीं निकल गया या अंधेरा होने के कारण कहीं झाड़ियों में छिपने में कामयाब रहा। इसके बाद युवकों ने इसकी जानकारी मालिक रमेश को दी तथा वह भी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान उन्होंने पुलिस को सूचना दी तथा पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। रमेश मेछी ने बताया कि सुबह पता करने पर जानकारी मिली कि वह चोर जो ईंटें चोरी करने आया था, रेहड़ा भी किसी का चोरी करके ही लाया था। उन्होंने पुलिस से चोर को पकड़ने तथा लोगों से जागरुक एवं सुचेत रहने की अपील की।












