Monday, October 19, 2026
Home Latest गिद्दड़बाहा के विकास के लिए आप उम्मीदवार डिंपी ढिल्लों को चुनें: केजरीवाल 

गिद्दड़बाहा के विकास के लिए आप उम्मीदवार डिंपी ढिल्लों को चुनें: केजरीवाल 

गिद्दड़बाहा (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डिंपी ढिल्लों के समर्थन में जोरदार प्रचार करते हुए आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को गिद्दड़बाहा में एक विशाल रैली को संबोधित किया और मतदाताओं से उपचुनाव में ढिल्लों का समर्थन करने की अपील की। 

Advertisements

आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने गिद्दड़बाहा के लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने पंजाब में आप सरकार द्वारा लाए गए परिवर्तनकारी बदलावों पर प्रकाश डाला और शून्य बिजली बिल, मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और योग्यता-आधारित रोजगार जैसे प्रमुख वादे पूरे करने की बात दोहराई।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को आपका समर्थन ऐतिहासिक रहा है। पंजाब में पहले कभी किसी पार्टी को इतना जबरदस्त समर्थन नहीं मिला। आपने हमें 2022 में 117 में से 92 सीटें दीं। उससे प्रभावित होकर पिछले ढाई वर्षों से हम पंजाब के लोगों के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अब लोगों को मुफ्त बिजली और मुफ्त इलाज मिल रहा है।

केजरीवाल ने कहा कि गिद्दड़बाहा का सिविल अस्पताल दयनीय स्थिति में है। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि डिंपी ढिल्लों के चुने जाने के बाद इस अस्पताल को अपग्रेड करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे में सुधार जरूरी है। हम इसके लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियां प्रदान करने और राज्य की शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए आम आदमी पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आप सरकार के तहत अभी तक 48,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहली बार युवाओं को बिना रिश्वत या राजनेताओं की सिफारिश के सरकारी नौकरियां मिली। पिछली सरकारों में यह असंभव था।

केजरीवाल ने कहा कि हमने अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया है और कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया अभी भी जारी है। अब, सरकारी कर्मचारी पानी की टंकियों पर नहीं मिलती है। वे अपने कार्यस्थलों पर होते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने गिद्दड़बाहा के लोगों को आश्वासन दिया कि आप सरकार उनके दैनिक जीवन को प्रभावित करने वाले हर प्रमुख मुद्दों के समाधान का प्रयास करेगी। उन्होंने क्षेत्र में सीवरेज और पीने के पानी की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निपटने का वादा किया और यह सुनिश्चित किया कि हर घर तक साफ पानी पहुंचे और उचित जल निकासी व्यवस्था हो। केजरीवाल ने युवाओं के लिए खेल के मैदान विकसित करने, गांव के तालाबों की मरम्मत और मंडियों में शेड बनाने की भी बात कही। उन्होंने गिद्दड़बाहा की ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास को सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़कों और उपज के लिए बेहतर भंडारण सुविधाओं सहित बुनियादी ढांचे को और बढ़ाने का वादा किया और कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि गिद्दड़बाहा को वह प्रगति मिले जिसका वह हकदार है।

आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने लोगों से क्षेत्र की प्रगति के लिए आम आदमी पार्टी का विधायक चुनने का आग्रह किया और कहा कि गिद्दड़बाहा के विकास के लिए आप डिंपी ढिल्लों को चुनें। केजरीवाल ने कहा कि आप सरकार पूरे पंजाब में जो विकास ट्रेन चला रही है, उसमें गिद्दड़बाहा के डिब्बे को जोड़ना आपकी जिम्मेदारी है। 

उन्होंने कहा कि पिछले 28 वर्षों में विपक्ष द्वारा कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देरी की गई थी और इन रुके हुए कार्यों को पटरी पर लाने का एकमात्र तरीका आप विधायक का चुनाव करना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पिछले 28 वर्षों से जिस काम को रोका है, उसे पूरा करने के लिए आप हमें जनादेश दें। केजरीवाल ने वादा किया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में गिद्दड़बाहा में तेजी से काम होगा और वर्षों से उपेक्षित मुद्दों का समाधान किया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। पहले पैसा भ्रष्ट नेताओं की जेबों और स्विस बैंक खातों में चला जाता था, लेकिन अब इसका उपयोग पंजाब के लोगों के कल्याण के लिए किया जा रहा है। डिंपी ढिल्लों को चुनकर आप यह सुनिश्चित करेंगे कि गिद्दड़बाहा भी प्रगति करेगा। आपका समर्थन आपके बच्चों के उज्जवल भविष्य की गारंटी देगा। उन्होंने कहा कि गिद्दड़बाहा का भाग्य आपके हाथों में है। जैसे आपने पंजाब का भविष्य बदलने में मदद की, अब डिंपी ढिल्लों को चुनकर गिद्दड़बाहा का भविष्य बदलने का समय आ गया है।

एकमात्र असली प्रमाणपत्र लोगों का जनादेश है, 20 नवंबर को डिंपी ढिल्लों के लिए आपका वोट गिद्दड़बाहा का विकास सुनिश्चित करेगा: भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी लोगों को संबोधित किया और राज्य में आप द्वारा किए गए कार्यों को गिनाया और विपक्षी दलों के वादों को खोखला बताया। उन्होंने सीवरेज, स्वास्थ्य सेवा और बिजली जैसे बुनियादी मुद्दों को संबोधित करने में विफल रहने के लिए पारंपरिक राजनीतिक दलों की आलोचना की और कहा कि इन मुद्दों को हल करने के लिए हमने अथक प्रयास किया है।

मान ने कहा कि पहले राजनीति में कभी भी वास्तविक काम के बारे में बात नहीं होती थी। फिर अरविंद केजरीवाल राजनीति में आए और देश की राजनीतिक दिशा बदल दी। आज, हमने यह सुनिश्चित किया है कि हर पार्टी इस बारे में बात करे जो वास्तव में मायने रखती है, जैसे – स्कूल, अस्पताल, बिजली और रोजगार आदि। उन्होंने आज ही पंजाब पुलिस में 1,706 नए कांस्टेबलों और उप-निरीक्षकों की भर्ती की बात बताई और कहा कि उन्होंने बिना किसी रिश्वत या पक्षपात के 48,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी है।

अपने भाषण में मुख्यमंत्री मान ने विपक्ष के खिलाफ प्रहार किया और विश्वसनीयता का एकमात्र सच्चा “प्रमाणपत्र” लोगों द्वारा दिया गया जनादेश को बताया। उन्होंने फर्जी और खोखले दावे करने के लिए विपक्ष की तीखी आलोचना की और कहा कि उनमें कोई वास्तविकता नहीं है। मान ने कहा कि असली प्रमाण पत्र लोग अपने वोट के माध्यम से देते है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का झूठा समर्थन या भ्रामक आख्यान लोगों के समर्थन की शक्ति की तुलना नहीं कर सकता है। हमारा प्रमाणपत्र आपका प्यार और समर्थन है और केवल यही मायने रखता है। मान ने अंत में कहा कि यह चुनाव लोगों के लिए पुरानी और भ्रष्ट राजनीति को निर्णायक रूप से खारिज करने और आप सरकार द्वारा प्रदान की गई वास्तविक प्रगति को अपनाने का मौका है।

उन्होंने कहा कि हमने डिलीवर किया है और हम डिलीवर करना जारी रखेंगे। यदि आप चाहते हैं कि गिद्दड़बाहा इस परिवर्तन का हिस्सा बने, तो आपको डिंपी ढिल्लों का समर्थन करना होगा। यह चुनाव गिद्दड़बाहा के भविष्य को सुरक्षित करने और यह सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है कि इस क्षेत्र को भी वह प्रगति मिले जिसका वह हकदार है।

डिंपी ढिल्लों का दावा- ढाई साल में आप सरकार गिद्दड़बाहा में पिछले 28 साल से ज्यादा काम करेगी

गिद्दड़बाहा से आप के उम्मीदवार डिंपी ढिल्लों ने समर्थन के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का आभार व्यक्त किया और गिद्दड़बाहा के लोगों के लिए अथक प्रयास करने का संकल्प लिया। उन्होंने लोगों से वादा किया कि वह और उनका नेतृत्व पिछले 28 वर्षों की तुलना में सिर्फ ढाई वर्षों में ज्यादा काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि अगले ढाई वर्षों में गिद्दड़बाहा के लिए इतना काम करूंगा जितना किसी और (बादल और वड़िंग) ने पिछले 28 वर्षों में नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में हम गिद्दड़बाहा में वास्तविक बदलाव लाएंगे। ढिल्लों ने लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए वोट करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here