Monday, October 12, 2026
Home Himachal सेना दिवस समारोह, सुजानपुर के चौगान में 15 जनवरी को होगा भव्य...

सेना दिवस समारोह, सुजानपुर के चौगान में 15 जनवरी को होगा भव्य आयोजन: राजेंद्र राणा

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा पूर्व सैनिक लीग सुजानपुर के सहयोग से सेना दिवस समारोह 15 जनवरी को प्रातः 10:00 बजे ऐतिहासिक चौगान में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। इस विशेष आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए आज पूर्व विधायक और सर्व कल्याणकारी संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा ने पटलांदर स्थित अपने आवास पर पूर्व सैनिकों और संस्था के सहयोगियों के साथ बैठक की।राजेंद्र राणा ने कहा कि 15 जनवरी का दिन भारतीय सैन्य इतिहास और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस दिन को हम भारतीय सेना दिवस के रूप में मनाते हैं और उन वीर जवानों को नमन करते हैं, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जिसे देवभूमि और वीरभूमि दोनों के रूप में जाना जाता है, अपने बहादुर सपूतों के लिए सदा गर्वित रहा है। उन्होंने बताया कि सुजानपुर की पवित्र धरती भी ऐसे वीरों की जननी रही है, जिन्होंने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Advertisements

सर्व कल्याणकारी संस्था हर वर्ष सेना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व सैनिक लीग के सहयोग से विशेष समारोह का आयोजन करती है। इस समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिकों के परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होते हैं। राजेंद्र राणा ने कहा, “हमारी संस्था को गर्व है कि उसने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सेवारत सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिजनों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया है। यह आयोजन अपने आप में देश के इतिहास में अद्वितीय है।”उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष भी सेना दिवस समारोह बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं और ज़िम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। संस्था और पूर्व सैनिक लीग इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समर्पित हैं। हिमाचल के वीरों की कुर्बानियों को समर्पित यह आयोजन न केवल उनकी वीरता का उत्सव होगा, बल्कि भावी पीढ़ी को भी प्रेरणा प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here